HomeFootballइंडियन फुटबॉल लीगः मैच प्रीव्यू जमशेदपुर बनाम बेंगलुरु

इंडियन फुटबॉल लीगः मैच प्रीव्यू जमशेदपुर बनाम बेंगलुरु

इंडियन फुटबॉल लीग में गुरुवार 25 फरवरी को आमने-सामने होंगी जमशेदपुर और बेंगलुरु, दो ऐसी टीमें जो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हैं। दोनों ही टीमें अपना अंतिम मुकाबला खेलने उतरेगी और इस सीजन के सफर की समाप्ति जीत के साथ करना चाहेगी।

कहां खेला जाएगा मैच – तिलक मैदान स्टेडियम, वास्को डी गामा

समय – 7:30 PM (भारतीय समयानुसार)

जमशेदपुर टीम प्रीव्यू-

जमशेदपुर अपने आखिरी लीग मुकाबले में जीत के साथ सीजन का समापन करना चाहेगी। 19 लीग मैचों में जमशेदपुर ने 6 मैचों में जीत हासिल की है, 7 मुकाबले जमशेदपुर ने हारे हैं और 6 मुकाबलों में ड्रॉ खेला है। पिछले पांच मैचों में जमशेदपुर का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने इन मैचों में 3 मैच जीते और दो मैच हारे। 24 अंको के साथ जमशेदपुर इस समय अंकतालिका में छठे स्थान पर है। जमशेदपुर ने इस सीजन में 18 गोल किए हैं वहीं अन्य टीमों ने उनके खिलाफ 20 गोल किए हैं। इस सीजन में जब बेंगलुरु और जमशेदपुर के बीच मुकाबला हुआ था तो जमशेदपुर ने बेंगलुरु को हरा दिया था। वहीं जमशेदपुर ने अपने पिछले मैच में मुंबई को 2-0 से हराया था। 

जमशेदपुर के कोच कॉयले ने कहा, “हम उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहते हैं, जोकि हमने मुम्बई के खिलाफ किया था। हम प्लेऑफ के बहुत करीब आ गए थे, लेकिन अब हम मजबूती के साथ इस सीजन का समापन करना चाहते हैं। ऐसा करने के लिए, हमें बहुत अच्छा खेलना होगा और तीन अंक जीतने की कोशिश करनी होगी। बेंगलुरु के पास अभी भी एएफसी (कप) में खेलने का मौका है, इसलिए हमें इस चुनौती के लिए तैयार रहना होगा।"

बेंगलुरु टीम प्रीव्यू-

इंडियन फुटबॉल लीग के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि बेंगलुरु टीम प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंची। बेंगलुरु ने 19 मुकाबलों में से 5 मुकाबलों में जीत हासिल की, 7 मैचों में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा और 7 मुकाबले ड्रॉ रहे। 22 अंकों के साथ टीम इस समय अंकतालिका में जमशेदपुर से एक स्थान नीचे सातवें स्थान पर मौजूद है। 19 मैचों में उनके द्वारा दागे गए गोलों की संख्या जमशेदपुर के गोलों की संख्या से ज्यादा है। बेंगलुरु ने सीजन में 24 गोल दागे हैं, वहीं 25 गोल उनके खिलाफ किए गए हैं। बेंगलुरु ने पिछले पांच मैचों में दो जीते हैं दो हारे हैं और एक ड्रॉ रहा है। बेंगलुरु भी जीत के साथ ही इस सीजन की समाप्ति करना चाहेगी।

अंतरिम कोच नौशाद मूसा को इस बात पर गर्व है कि उनकी टीम आखिर तक लड़ी। उन्होंने कहा, हमारे प्रदर्शन में निरंतरता नहीं थी, लेकिन हम हमेशा सकारात्मक थे। यह देखने की कोशिश कर रहे थे कि क्या हम इसमें (प्लेऑफ में) जगह बना सकते हैं। हम हमेशा जीतना चाहते थे क्योंकि कोई भी यह स्वीकार नहीं करना चाहता था कि हम बेस्ट नहीं हैं। हम हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे थे। "

बेंगलुरू के लिए बिस्वा डर्जी और आशिक कुरुनियन जबकि जमशेदपुर के लिए नेरिजुस व्लास्किस इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। इस सीजन में आठ युवाओं को मैदान पर उतार चुके मूसा ने कहा कि वे लीग के अंतिम मैच में भी उन्हें मौका देंगे।

संभावित टीमें-

जमशेदपुर- रेनेश टीपी, लालडिनलियाना रेंथली, स्टीफन एज़े, पीटर हार्टले, रिकी लल्लवामावामा, ऐटोर मोनरो, एलेक्स लीमा, विलियम ललनुफ़ेला, फ़ारुख चौधरी, सेमिनलेन डूंगेल

बेंगलुरु- गुरप्रीत सिंह संधू, पराग श्रीवास, फ्रांसिस्को गोंजालेज, राहुल भीके, सुरेश वांगजम, एरिक पर्तालु, क्लीटन सिल्वा, जिस्को हर्नांडेज़, उदंत सिंह, सुनील छेत्री

इन खिलाड़ियों पर होगी नजरें-

जमशेदपुर- स्टीफन एज़े, पीटर हार्टले

बेंगलुरु- सुनील छेत्री, राहुल भीके

RELATED ARTICLES
-spot_img

Most Popular