HomeCricketभारत बनाम श्रीलंका पहला वनडे : मैच रिपोर्ट

भारत बनाम श्रीलंका पहला वनडे : मैच रिपोर्ट

भारत और श्रीलंका के बीच शुरू हुई वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। श्रीलंका ने पहले खेलते हुए भारत को 263 रन का लक्ष्य दिया था। जिसे भारत ने 36.4 ओवर में 3 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया।

मैच रिपोर्ट-

पहले वनडे मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मुकाबले में श्रीलंका की ओर से भानुका राजपक्षे ने वनडे मैचों में अपना डेब्यू किया। वहीं भारतीय टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन एवं सूर्यकुमार यादव ने अपना वनडे करियर शुरू किया। 

श्रीलंकाई पारी-

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सधी शुरुआत की। पारी का आगाज करने आए अविष्का फर्नांडो और मिनोड भानुका ने पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को चहल ने अविष्का को आउट कर तोड़ा। उन्होंने 32 रन की पारी खेली। इसके बाद राजपक्षे और भानुका में 36 रन की साझेदारी हुई। पारी के 17वें ओवर में कुलदीप यादव ने श्रीलंका को दो झटके दिए। उन्होंने दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर दिया। 

राजपक्षे ने 22 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 24 रन की पारी खेली। भानुका ने 33 गेंदों में 27 रन बनाए। उन्होंन तीन चौके जड़े। श्रीलंका को चौथा विकेट धनंजय डिसिल्वा के तौर पर गिरा। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे डिसिल्वा सस्ते में विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 27 गेंदों में 14 रन बनाए। डिसिल्वा को क्रुणाल पांड्या ने 25वें ओवर की चौथी गेंद पर अपना शिकार बनाया। श्रीलंका को पांचवां झटका चरित असलंका के रूप लगा। असलंका ने टिककर भारतीय गेंदबाजों का सामना किया, मगर वह अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 65 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। वह अपनी पारी में महज एक चौका ही लगा सके। उन्हें दीपक चाहर ने 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर पवैलियन लौटाया। श्रीलंकाई टीम का सातवां विकेट कप्तान दासुन शनाका के तौर पर गिरा। शनाका ने 50 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 39 रन बनाए। शनाका की पारी का अंत युजवेंद्र चहल ने 44वें ओवर की पांचवीं गेंद पर किया। 

श्रीलंका ने आखिरी तीन ओवर में 39 रन बटोरे, जिससे टीम का स्कोर 262 तक पहुंचने में सफल रहा। चमिका करुणारत्ने और दुष्मंथा चमीरा ने नौवें विकेट के लिए 40 रन की अहम साझेदारी की। दोनों ने आखिर में भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया।

भारतीय पारी-

वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पृथ्वी शॉ ने ताबड़तोड़ शुरूआत दी। उन्होंने शिखर धवन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। हालांकि, शॉ अपने वनडे करियर की पहली फिफ्टी जड़ने से चूक गए। उन्होंने 24 गेंदों में 9 चौकों की बदौलत 43 रन की पारी खेली। उन्हें धनंजय डिसिल्वा ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। 

पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद नंबर तीन पर आए इशान ने भी आक्रामक बैटिंग की। अपनी पारी का आगाज़ उन्होंने पहली गेंद पर छक्का लगाकर किया, दूसरी गेंद पर भी उन्होंने चौका बटोरा। टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू में फिफ्टी जमाने वाले इशान ने पहले वनडे में भी अर्धशतक ठोक दिया। उन्होंने 42 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 59 रन की पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया था। इशान ने अपने अर्धशतक में 44 रन चौके-छक्कों से बटोरे। उनकी पारी का अंत लक्षण संदाकन ने 18वें ओवर में किया। उन्होंने विकेटकीपर मिनोड भानुका को कैच थमाया। वह 143 के कुल स्कोर पर पवैलियन लौटे। उन्होंने धवन के साथ दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की। 

दूसरा विकेट जाने के बाद मनीष पांडे क्रीज पर आए उन्होंने भी कप्तान धवन के साथ मिलकर 72 रन की साझेदारी की। पांडे की पारी अपेक्षाकृत धीमी रही और उन्होंने 40 गेंदो पर 1 चौका व 1 छक्के की मदद से 26 रन बनाए। पारी के 30वें ओवर में वे डिसिल्वा का शिकार बने। 

इसके बाद नंबर- 5 पर आए सूर्यकुमार यादव ने शिखर धवन के साथ नाबाद 48 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया को विकेट से जीत दिला दी। धवन का शानदार फॉर्म श्रीलंका में भी जारी रहा उन्होंने 86 रन की कप्तानी पारी खेली वहीं सूर्यकुमार यादव 31 रन बनाकर नाबाद लौटे। धवन ने इसी पारी के साथ वनडे में अपने 6000 रन भी पूरे कर लिए वे ये उपलब्धि हासिल करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं व सबसे तेज 6000 रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं।

सीरीज का दूसरा वनडे मंगलवार 20 जुलाई को खेला जाएगा।

RELATED ARTICLES
-spot_img

Most Popular