HomeOtherदेश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार "खेल रत्न" से सम्मानित हो सकते हैं...

देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार “खेल रत्न” से सम्मानित हो सकते हैं पांच खिलाड़ी

कोरोना वायरस के कारण इस समय पूरी दुनिया प्रभावित है और इसी वजह से पूरी दुनिया का खेल जगत भी प्रभावित हुआ है। लेकिन भारत सरकार खेल में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार से सम्मानित करती है। 29 अगस्त को भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस मानाया जाता है, इस दिन हर वर्ष विभिन्न खेलों में अपना असाधारण योगदान देने वाले खिलाड़ियों एवं उनके साथ-साथ उनके गुरूओं यानि कोच को भी सम्मानित किया जाता है, और इनमें सबसे बड़ा पुरस्कार होता है “राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार” आइए जानते हैं, किन पांच खिलाड़ियों की सिफारिश इस वर्ष खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई है।

इस साल राजीव गांधी खेल रत्न के पाने के लिए पांच खिलाड़ियों की सिफारिश की गई है, जिनमें शामिल हैं भारत के स्टार क्रिकेटर हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फोगाट, महिला हाॅकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और रियो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले मरियप्पन थंगवेलु।

पहले ये होड केवल चार खिलाड़ियों में थी, लेकिन बाद में रानी रामपाल का नाम भी इस सूची में जोड़ा गया और अब इन पांच में से कितने खिलाड़ियों को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान से सम्मानित किया जाएगा इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रीजिजू द्वारा। खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय अवार्ड समिति ने खेल रत्न के लिए पहले चार नामों की सिफारिश की थी, जिसमें बाद में रानी रामपाल का नाम भी जुड़ गया।

कमेटी के सदस्यों में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह, पैरालम्पिक रजत पदक विजेता दीपा मलिक, पूर्व टेबल-टेनिस खिलाड़ी मोनालिसा बरुआ मेहता और मुक्केबाज वेंकटेशन देवराजन शामिल थे।

क्यों की गई है इन पांच खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश?

सीमित ओवरों के भारतीय क्रिकेट के उपकप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने पिछले साल इंग्लैंड में हुए वनडे विश्व कप में पांच शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था, हालांकि, वह सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके साथ ही वे विश्व के इकलौते क्रिकेटर हैं जिनके नाम वनडे में तीन दोहरे शतके हैं। यदि उन्हें खेल रत्न के लिए चुना जाता है तो वह सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद यह सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे।

विनेश को 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और 2019 में एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने के लिए इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया।

मणिका बत्रा ने 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में महिला व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीते थे। उन्होंने 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीता था।

पैरा हाई जम्पर थंगावेलु ने 2016 के रियो पैरालम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने पिछले वर्ष विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। वह 2017 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किये गए थे।

रानी केवल तीसरी और पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जिनके नाम की सिफारिश इस सम्मान के लिए की गई है. रानी से पहले धनराज पिल्लै (2000) और सरदार सिंह (2017) को खेल रत्न पुरस्कार मिला था। एक करीबी सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘रानी का नाम बाद में इसलिए जोड़ा गया क्योंकि कुछ सदस्य उनके नामांकन पर चर्चा चाहते थे। काफी विचार-विमर्श के बाद हर किसी को लगा कि वह अपनी उपलब्धियों के कारण इस सम्मान की हकदार हैं।’


RELATED ARTICLES
-spot_img

Most Popular