HomeCricketइंडियन टी20 लीगः पंजाब बनाम दिल्ली, मैच रिपोर्ट

इंडियन टी20 लीगः पंजाब बनाम दिल्ली, मैच रिपोर्ट

इंडियन टी20 लीग के 29वें मुकाबले में दिल्ली ने पंजाब को हराकर अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इस जीत के साथ दिल्ली के 12 अंक हो गए हैं। मुकाबले में पहले खेलते हुए पंजाब ने दिल्ली के सामने 167 रन का लक्ष्य रखा था। जिसे दिल्ली ने 17.4 ओवर में हासिल कर लिया। 

पंजाब की ओर से मयंक अग्रवाल की संघर्षपूर्ण कप्तानी पारी-

टॉस जीतकर दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने पंजाब को पहले बल्लेबाजी के आमंत्रित किया। पंजाब की शुरूआत कुछ खास नहीं रही। केएल राहुल की अनुपस्थिति में आज पंजाब की कमान संभाल रहे थे मयंक अग्रवाल। अग्रवाल के साथ ओपनिंग करने आए प्रभसिमरन। लेकिन अपनी 12 रन की पारी में 1 छक्का लगाकर प्रभसिमरन पारी के चौथे ओवर में रबाडा को अपना विकेट दे बैठे।  उनके जाने के बाद नंबर तीन पर आए क्रिस गेल ने भी अच्छे हाथ दिखाए और 1 चौका व 1 छक्का जड़ा। लेकिन छठे ओवर में रबाडा की एक फुलटॉस गेंद लहराती हुई क्रिस गेल के स्टंप्स ले उड़ी और गेल बस देखते रह गए। गेल ने 9 गेंदो पर 13 रन बनाए। पावरप्ले में दो विकेट गवांने के बाद पंजाब दबाव में थी।

चौथे नंबर पर आज बल्लेबाजी करने आए अपना पहला इंडियन टी20 लीग मैच खेल रहे डेविड मलान। उन्हें अंततः टीम में जगह दी गई। मलान और अग्रवाल ने संभल कर बल्लेबाजी करनी शुरू की। दोनों के बीच 52 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। लेकिन 14वें ओवर की पहली ही गेंद पर मलान अपना विकेट गवां बैठे। बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अक्षर पटेल की गेंद ने उनके विकेट उड़ा दिए। मलान ने अपने पहले मैच में 26 गेंदो पर 26 रन बनाए तथा 1 चौका तथा 1 छक्का लगाया।

मलान के जाने के बाद मयंक अग्रवाल एक छोर पर अकेले लडते रहे। दीपक हुड्डा और मयंक अग्रवाल में आपसी तालमेल की कमी के कारण दीपक हुड्डा 1 रन पर रन आउट होकर वापस लौटे। इसके बाद आए शाहरुख खान भी केवल 4 और क्रिस जॉर्डन 2 रन बना सके। लेकिन दूसरी छोर पर मयंक अग्रवाल अपना गियर बदल चुके थे उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद तेजी से रन बटोरे। दूसरी ओर से उन्हें साथ नहीं मिला लेकिन फिर भी उन्होंने पारी को बेहतरीन तरीके से फिनिश किया। पारी के आखिरी ओवर में पंजाब ने 23 रन बटोरे और इसी के साथ पंजाब ने 6 विकेट खोकर 166 रन बनाए। बतौर कप्तान अपने पहले मैच में मयंक अग्रवाल ने शानदार पारी खेली लेकिन शतक पूरा करने से केवल 1 रन से चूक गए। अग्रवाल ने 58 गेंदो पर 8 चौके व 4 छक्कों की मदद से नाबाद 99 रन की पारी खेली। 

शिखर धवन की पारी की बदौलत दिल्ली ने दर्ज की छठी जीत

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने हमेशा की तरह धुंआधार शुरूआत दी। दोनों ने पावरप्ले में पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। लेकिन पावरप्ले के बाद तुंरत बाद मंयक ने गेंद थमाई पंजाब के पिछले मैच के हीरो रहे हरप्रीत बरार के हाथों में। बरार ने उसी प्रदर्शन को यहां भी जारी रखा और अपनी पहली ही गेंद पर खतरनाक लग रहे बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को क्लीन बोल्ड कर दिया। पृथ्वी शॉ ने 22 गेंदो पर 3 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 39 रन की तेज पारी खेली। 

तीसरे नंबर पर आए स्टीव स्मिथ के साथ भी शिखर धवन ने अच्छी साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने 48 रन जोड़े और दिल्ली को जीत के और करीब पहुंचाया। 13वें ओवर में एक बड़ा हिट लगाने के प्रयास में स्टीव स्मिथ सीमा रेखा पर खड़े डेविड मलान को अपना कैच थमा बैठे। स्टीव स्मिथ ने 22 गेंदो पर केवल 1 चौके की मदद से 24 रन की समझदारी भरी पारी खेली। लेकिन शिखर धवन पर कोई दबाव नहीं आया और उन्होंने अपना स्वाभाविक खेल जारी रखा और इस पारी में अपना 44वां अर्धशतक भी पूरा किया। इसके बाद ऋषभ पंत और धवन के बीच 36 रन की साझेदारी हुई। पंत धीमी गेंद पर बड़ा हिट लगाने के प्रयास में आउट हुए। उन्होंने 1 चौका व 1 छक्के की मदद से 14 रन बनाए। 

 उनके जाने के बाद आए शिमरोन हेटमायर ने आते ही मैच को फिनिश कर दिया। हेटमायर ने 4 गेंदो में 1 चौका व 2 छक्के लगाये और 16 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं शिखर धवन 47 गेंदो पर 6 चौके व 2 छक्कों की मदद से 69 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस पारी के साथ शिखर धवन फिर से ऑरेंज कैप होल्डर बन गए हैं। 

इस जीत के साथ दिल्ली 12 अंको के साथ अंकतालिका में फिर से शीर्ष पर आ चुकी है।

संक्षिप्त स्कोर-

पंजाब- 166/6 (मयंक अग्रवाल- 99*, रबाडा- 36/3)

दिल्ली – 167/3 (शिखर धवन-69* , बरार- 19/1)

RELATED ARTICLES
-spot_img

Most Popular